सीईडीसीओ बीएसएफ और अमृताया सेंट्रल स्कूल के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

बेंगलुरु : सीईडीसीओ बीएसएफ बेंगलुरु ने आज अमृताया सेंट्रल स्कूल, बेंगलुरु के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह बीएसएफ कर्मियों के बच्चों की ​शिक्षा को समर्थन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस एमओयू में अमृताया सेंट्रल स्कूल ने बीएसएफ के सेवारत, सेवानिवृत्त तथा शहीद कर्मियों के बच्चों को प्रवेश शुल्क में छूट तथा ट्यूशन शुल्क में उल्लेखनीय रियायत सहित विशेष शुल्क लाभ प्रदान करने की घोषणा की है।

एमओयू के आदान-प्रदान का कार्यक्रम सीईडीसीओ बीएसएफ बेंगलुरु में हुआ। इस अवसर पर अपने संबो​धन में दिनेश कुमार यादव, महानिरीक्षक (आईजी), सीईडीसीओ बीएसएफ बेंगलुरु ने इसे एक महत्वपूर्ण साझा जिम्मेदारी, सम्मान और शिक्षा व राष्ट्रीय सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने अमृताया सेंट्रल स्कूल के नेतृत्व एवं प्रबंधन के प्रति बीएसएफ परिवारों के लिए किए गए इस संवेदनशील एवं सराहनीय प्रयास तथा निरंतर समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हेमंत कुमार झा, उप महानिरीक्षक (सीआई), राजशेखर के. एन., कमांडेंट (प्रशिक्षण) तथा अमृताया सेंट्रल स्कूल एवं अमृताया ट्रस्ट के अध्यक्ष के. सत्यनारायण राजू सहित स्कूल के अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

यादव ने विद्यालय की प्रगति की सराहना की, जिसमें सीबीएसई से मान्यता प्राप्त करना, आधुनिक अवसंरचना का विकास तथा समग्र शिक्षा पद्धति को अपनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास शैक्षणिक उत्कृष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संस्थान की सशक्त प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

राष्ट्र निर्माण में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए यादव ने कहा कि वर्दीधारी बलों के कर्मियों के बच्चों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करना उनके बलिदानों को सम्मान देने का सार्थक माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी एक साझा दृष्टिकोण का प्रतीक है, जिसमें शैक्षणिक संस्थान और सुरक्षा बल मिलकर बच्चों और समाज के भविष्य में निवेश करते हैं।

समारोह का समापन औपचारिक रूप से एमओयू के आदान-प्रदान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जो एक उद्देश्यपूर्ण और दीर्घकालिक सहयोग की शुरुआत का संकेत है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *