
बेंगलुरु। श्री पंचमुखी बालाजी धाम, चौधरीवास, हिसार परिवार की ओर से रविवार को विजयनगर स्थित बसवेश्वरा सुगना मंडप में भव्य पंचमुखी बालाजी दरबार एवं सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पंचमुखी बालाजी के दरबार एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। 108 जोड़ों ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ में भाग लेकर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण बना दिया। सुंदरकांड पाठ का वाचन मुरारीजी द्वारा किया गया, जिसमें श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम को परम पूज्य ब्रह्मलीन गुरुवर गोपीराम जोशी (बड़े भाईजी) एवं परम पूज्य महंत पीठाधीश्वर गुरुवर पवन कुमार जोशी (भाईजी) का आशीर्वाद एवं सान्निध्य प्राप्त हुआ। साथ ही धाम के पुजारी श्रद्धेय सोनू भाईजी एवं मोनू भाईजी का भी पावन सान्निध्य रहा।
इसके पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक नागा (जयपुर) ने एक से बढ़कर एक मधुर एवं भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजनों के दौरान पूरा पंडाल जयश्री राम और बालाजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में सवामणी एवं छप्पन भोग के साथ महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से की गई थीं।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में साहिल केडिया, अशोक अग्रवाल, रोहित केडिया, अरुण गर्ग, केशव गोयल, आशु मित्तल, प्रदीप चौधरी, सौरभ मित्तल, गौरव शर्मा, सुशील बजाज, ओम प्रकाश अरोड़ा एवं उमेश तुलस्यान, सुनील बजाज सहित सभी आयोजकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को पंचमुखी बालाजी महाराज की भक्ति से जोड़ना और सामूहिक सुंदरकांड पाठ के माध्यम से सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करना था। 108 जोड़ों की सहभागिता और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती वंदना तुलस्यान ने किया ।